मधुबनी से जयनगर और नेपाल के कुर्था रेल लाइन को मिलेगा विस्तार, कम होंगी दूरियां, जानें…

मुजफ्फरपुर। मधुबनी के जयनगर और नेपाल के कुर्था रेल लाइन को शीघ्र विस्तार मिलेगा। जयनगर-बर्दिबास रेल लाइन के दूसरे चरण में कुर्था से 18 किमी आगे विजलपुरा (भंगहा स्टेशन) तक यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी है। इस रेलखंड को जल्द ही नेपाल रेलवे को हस्तगत करराया जा सकता है जिसके बाद यात्री रेल सेवा का विस्तार कुर्था से विजलपुरा तक हो जाएगा। बता दें कि इंडो-नेपाल मैत्री रेल परियोजना का कार्य तीन चरणों में होना है। प्रथम चरण में जयनगर से कुर्था तक 35 किलोमीटर रेलखंड का निर्माण कर यात्री रेल सेवा बहाल की जा चुकी है।

दूसरे चरण में कुर्था से विजलपुरा तक 18 किलोमीटर में इसका विस्तार होना है, जबकि तीसरे चरण में विजलपुरा से 16 किलोमीटर बर्दीबास तक इसका विस्तारीकरण होना है। कुर्था से विजलपुरा के बीच तीन स्टेशन बनाए गए हैं। ये हैं पिपराढ़ी, लोहारपट्टी एवं सिंगयाही। चौथा स्टेशन भंगहा (विजलपुरा) होगा। इन सभी स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

कुर्था से विजलपुरा तक पटरी बिछाने का काम भी पूरा हो चुका है। भारतीय निर्माण कंपनी इरकॉन जल्द ही इसे नेपाल रेलवे को सौंप देगा। तीसरे चरण में विजलपुरा से बर्दिबास तक काम होना है। इस प्रकार तीनों चरणों का काम पूरा होने पर जयनगर-बर्दिबास रेल परियोजना कुल 69 किमी लंबी हो जाएगी। बताया कि शुरू में यह परियोजना 548 करोड़ की थी, जिसका बजट बढ़कर लगभग 820 करोड़ हो चुका है।

 

बता दें कि भारत सरकार ने भारत-नेपाल मैत्री रेल परियोजना के तहत वर्ष 2010 में जयनगर से बर्दिबास तक रेल लाइन को मंजूरी दी थी। वर्ष 2014 में ट्रेनों का परिचालन बंद कर निर्माण शुरू हुआ था। जयनगर-विजलपुरा-बर्दीबास रेल परियोजना की कुल लंबाई 69 किलोमीटर है। इसमें 2.97 किमी भारत में एवं शेष नेपाल में है। जयनगर के बाद पहला स्टेशन इनर्वा की दूरी चार किमी है। यह स्टेशन नेपाली क्षेत्र का पहला स्टेशन है।

 

जयनगर से ट्रेन खुलते ही 2.97 किलोमीटर के बाद ट्रेन नेपाल की सीमा में प्रवेश कर जाती है। उसके बाद ट्रेन का पूरा सफर नेपाली भू-भाग पर ही होता है। परियोजना प्रबंधक, इरकॉन, रवि सहाय का कहना है कि कुर्था-विजलपुरा के बीच रेलखंड व स्टेशन का काम पूरा हो चुका है। हालांकि, इस बीच में आने वाले बिजली पोलों को नेपाल सरकार को हटाना है जो अभी तक नहीं हुआ है।

 

इस कारण कार्य बाधित है और रेलमार्ग हस्तांतरण की प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। इसके पूरा होते ही कुर्था से विजलपुरा तक रेलखंड नेपाल रेलवे को हस्तगत करा दिया जाएगा, जिसके बाद रेल यात्री सेवा का विस्तार कुर्था से विजलपुरा तक हो सकेगा। तीसरे चरण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.