बोचहां विधानसभा उपचुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर की 39 सीमाएं सील होंगी, क्या हैं तैयारी?

मुजफ्फरपुर। बोचहां (सुरक्षित) विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई। 12 अप्रैल को मतदान होना है। इसके लिए सीमा सील करने का प्रशासन की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसमें बताया गया कि रविवार की सुबह छह बजे से मतदान की समाप्ति तक जिले के 39 जगहों पर सीमा सील रहेगा।

इसमें मोतिहारी, दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, शिवहर व वैशाली जिले से सटे सीमावर्ती इलाके शामिल हैं। इन सभी जगहों पर ड्राप गेट बना दिया गया है। कहा गया है कि इन रास्तों से गुजरने वाले प्रत्येक वाहनों की जांच की जाएगी।

सभी संबंधित थानाध्यक्षों को चौकसी बरतते हुए प्रत्येक वाहनों की जांच का आदेश दिया गया है। सभी सीमा स्थल पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी व काफी संख्या में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।

साथ ही मतदान के दिन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को स्वयं के उपयोग के लिए एक वाहन, उनके निर्वाचन अभिकर्ता के लिए एक और उनके कार्यकर्ता अथवा दल के कार्यकर्ता के लिए एक वाहन अनुमान्य है।

ऐसे अनुमान्य वाहन में अधिकतम पांच लोग ही बैठ सकते हैं। इसके अलावा निजी वाहन के मालिक स्वयं एवं परिवार के सदस्यों को मताधिकार का प्रयोग के लिए मतदान केंद्र के दो सौ मीटर की परिधि के बाहर तक जा सकते है। सार्वजनिक यातायात के लिए निर्धारित मार्ग पर चलने वाली बसें, टैक्सी, तीन पहिया व रिक्शा आदि का परिचालन होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.