आरा-बक्सर नेशनल हाईवे 84 पर बिहिया थाना क्षेत्र के सरैया-खरौनी गांव के समीप रविवार को बालू लदे ट्रैक्टर और यात्रियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में टेंपो पर सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उसपर सवार पांच अन्य यात्री और ट्रैक्टर चालक समेत छह लोग घायल हो गए।

टक्कर के बाद ट्रैक्टर व टेंपो सड़क के बगल में पलट गए। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के भेड़िया गांव के शिवबिहारी पासवान के पुत्र रामपुकार पासवान के रूप में हुई है।