मुजफ्फरपुर। जिले के 34 स्कूलों में मध्याह्न भोजन का संचालन नहीं हो रहा है। बिहार राज्य मध्याह्न भोजन योजना समिति की बैठक में डीपीओ एमडीएम की ओर से यह जानकारी दी गई है। बताया गया है कि 13 स्कूलों में वेंडर की ओर से खाद्य सामग्री की आपूर्ति नहीं किए जाने के कारण मध्याह्न भोजन का संचालन नहीं हो रहा है।
वहीं चार स्कूलों में विद्यालय रसोइया सह सहायक के नहीं होने, आठ स्कूलों में बर्तन के अभाव, चार स्कूलों में पेयजल नहीं होने, दो स्कूलों में एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध नहीं होने और तीन स्कूलों में विद्यालय शिक्षा समिति के गठन के अभाव में मध्याह्न भोजन ठप है।
राज्य मुख्यालय की ओर से कहा गया है कि तीन दिनों के भीतर शत प्रतिशत विद्यालयों में व्याप्त समस्याओं का समाधान कर मध्याह्न भोजन का संचालन शुरू कराएं। इसके लिए डीएम को निर्देश दिया गया है।
विभाग की ओर से समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया है कि शिक्षा विभाग और एमडीएम से जुड़े अधिकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन के संचालन का औचक निरीक्षण करें।
इस दौरान निरीक्षण वाले स्कूलों में बच्चों के साथ बैठकर पका हुआ मध्याह्न भोजन खाएं। किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका होने पर विभाग की ओर से गठित फूड टेस्टिंग लैब में उसकी जांच कराएं। गड़बड़ी पाए जाने पर स्कूल के प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

