मुजफ्फरपुर : कहां पर करोड़ों की लागत से होगा दो एलीवेटेड कारिडोर का निर्माण

मुजफ्फरपुर। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए दो बड़ी योजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। शहर के उत्तरी एवं दक्षिणी भाग में एक-एक टू-लेन एलीवेटेड सड़क के निर्माण का प्रस्ताव बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने रिपोर्ट तैयार की है। इसमें एक एलीवेटेड रोड सिकंदरपुर चौक से सरैयागंज टावर होते हुए आदर्शनगर थाना के पास मोतीझील ओवरब्रिज तक बनेगा।

910 मीटर लंबी इस एलीवेटेड सड़क पर 154.14 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दूसरी 600 मीटर लंबी एलीवेटेड सड़क जेनिथ पेट्रोल पंप से अघोरिया बाजार होते हुए सिटीकार्ट तक बनेगी। इसपर 105.04 करोड़ रुपये लागत आएगी। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता की रिपोर्ट के अनुसार सरैयागंज टावर क्षेत्र व्यावसायिक हब है। यहां से चारों दिशाओं में सड़कें गुजरती हैं।

इस क्षेत्र से शहर के दक्षिणी ओर जाम के कारण काफी समय लगता है। इसे मोतीझील ओवरब्रिज से जोडऩे के बाद शहर से बाहर निकलने में कम समय लगेगा। वहीं शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में भी सहूलियत होगी।

शहर के दक्षिणी भाग में जेनिथ से आमगोला तक बनने वाले एलीवेटेड रोड को लेकर कहा गया है कि अघोरिया बाजार इलाके में हमेशा जाम की स्थिति रहती है। यहां भी चारों तरफ हैवी ट्रैफिक वाली सड़कें हैं। इस रोड के निर्माण से मिठनपुरा और कलमबाग चौक की ओर जाने वाले वाहनों का कम जाम का सामना करना होगा।

आरसीडी-वन के कार्यपालक अभियंता अंजनी कुमार ने कहा कि शहर की आबादी काफी बढ़ गई है। इस हिसाब से वाहनों की संख्या भी बढ़ी है। हमें अब ऊपर की ओर अधिक सड़कों का निर्माण करना होगा। इसी कड़ी में अभी दो एलीवेटेड रोड का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.