मुजफ्फरपुर। किसानों को गेहूं क्रय को लेकर उम्मीद बढ़ गई है। दरअसल सहकारिता विभाग ने इसके लिए तैयारी कर ली है। प्रथम चरण में 155 समितियों का चयन किया गया है। इसके लिए 580 से 780 क्विंटल के हिसाब से पैक्स व व्यापार मंडल को लक्ष्य मानकर राशि उपलब्ध कराई गई है।
पिछले साल 15 हजार एमटी का लक्ष्य था। इस बार 48000 एमटी का लक्ष्य रखा गया है। किसान भूषण से सम्मानित एसके द्विवेदी ने कहा कि पिछले साल एक क्विंटल के उत्पादन में 1200 से 1300 रुपये खर्च आया था।
इस बार 1350 से 1500 रुपये के बीच खर्च है। इसके हिसाब से कीमत बाजार व सरकारी स्तर पर पिछले साल की तुलना में बेहतर है। लागत कीमत तो मिल रही। किसान जो मेहनत कर रहे उसके हिसाब से सरकार को क्रय मूल्य और अधिक तय करना चाहिए।
अभी बाजार में 1900 के हिसाब से गेहूं बिक रहा। दर भी ज्यादा है। सरकार की ओर से गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2015 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से तय किया गया है।

