पटना के दानापुर में आज जहां शादी की तैयारियों में शहनाई बजनी थी, वहां मातमी सन्नाटा पसरा है। पांच बहनों के बीच एकलौते भाई 19 साल के सनी कुमार को रविवार की रात अपराधियों ने गोलियों से भून डाला था। सोमवार को उसका छेंका होना था। घटना के 2 दिन गुजर जाने के बाद उसकी मां-बहन और पिता की आंखें बेटे के गम में पथराती जा रही हैं।

सनी की शादी दिघवारा छपरा में होनी थी। छेका में शामिल होने और शादी की तैयारी के लिए तीन बहनें भी अपने ससुराल से पहुंची थी। पूरे घर में खुशी का माहौल था। रविवार की शाम गजाधर चक के एक मंदिर में भंडारा चल रहा था। सनी अपनी मां से कुछ पैसा लेकर शाम में भंडारे में प्रसाद खाने गया था। छोटी बहनों गुड़िया और पूजा ने गुस्से में कहा कि जिसने मेरे भाई को मारा है, भगवान उसे इससे भी कड़ी सजा दे।

हत्या के बाद सनी के पिता छठीराम राय बेटे को मुखाग्नि देने की स्थिति में भी नहीं थे। गांववालों के समझाने-बुझाने पर चाचा देवसिंह राय ने सनी को मुखाग्नि दी। अब 3 दिन बाद चाचा सनी के पिता को उत्तरी सौंप देंगे। घर की हालत इतनी खराब है कि वह ठेला से सामान नहीं बेचे तो चूल्हा न जल सके। माता-पिता एवं बहनों के बीच अब इस बात की चिंता सताने लगी है कि उनके घर का चूल्हा कैसे जलेगा। कुंवारी बहनों के हाथ कौन पीला करेगा।

घटना का CCTV फुटेज भी आया था सामने
सोमवार को इस घटना का एक वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में एक युवक सनी को गोली मारते हुए दिख रहा है। मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दानापुर एसपी अभिनव धीमन ने बताया था कि घटनास्थल पर अपराधी गांजा बेचने का काम भी किया करते हैं। CCTV फुटेज से अपराधियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।

