मुजफ्फरपुर : सीटों की बाध्यता के कारण एमआइटी में दो नए ब्रांचों की पढ़ाई अगले सत्र से शुरू करने के प्रस्ताव में पेच फंस गया है। एआइसीटीई के दिशा निर्देशों के अनुसार, संस्थान को अधिकतम 300 सीटों के लिए मान्यता दी जा सकती है।
एमआइटी में पहले से ही 275 सीट विभिन्न ब्रांचों को मिलाकर स्वीकृत है। अब दो नए ब्रांचों के लिए 60-60 सीटों का प्रस्ताव भेजा जाएगा। ऐसे में सीटों की कुल संख्या 300 से अधिक हो जा रही है।
इस कारण प्रस्ताव तैयार होने के बाद भी नए सत्र के लिए अबतक आवेदन नहीं हो सका है। इधर, कालेज के प्राचार्य डा. सीबी महतो ने बताया कि एआइसीटीइ बीटेक में 300 से अधिक सीटों के लिए मान्यता नहीं देता है।
ऐसी स्थिति में कालेज और डीएसटी के स्तर से एआइसीटीई को अनुरोध पत्र भेजा जाएगा। यदि सीट बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाती है तो पहले से संचालित कोर्स में सीट कम कर नए कोर्स के लिए सीट बनाई जाएगी।

