मुजफ्फरपुर। पीएम किसान सम्मान निधि योजना में गड़बड़ी मिलने के बाद प्रशासन की ओर से सख्ती होगी। बताया जा रहा है कि तिरहुत प्रमंंडल स्तर पर जांच में चार लाख 65 हजार 580 लाभुकों के आवेदन में गड़बड़ी पाई गई है। इन आवेदनों को रद्द कर दिया गया है।
प्रमंडलीय संयुक्त कृषि निदेशक रामप्रकाश सहनी के अनुसार जांच के बाद आवेदन में अनियमितता करने वालों पर सख्ती होगी। तिरहुत प्रमंडल में आने वाले छह जिलों में जांच में यह बात सामने आई कि 25 लाख आठ हजार 284 लोगों ने आवेदन किया था।

मुजफ्फरपुर में पांच लाख 77 हजार 311, वैशाली में दो लाख 89 हजार 870, सीतामढ़ी में चार लाख 27 हजार 949, शिवहर में 65 हजार 583, पूर्वी चंपारण में सात लाख 941, पश्चिम चंपारण में चार लाख 46 हजार 630 आवेदन आए।
इनमें अब तक जांच में चार लाख 65 हजार 580 अयोग्य लाभुकों के आवेदनों को रद्द कर दिया गया। संयुक्त कृषि निदेशक सहनी ने कहा कि मुजफ्फरपुर में एक लाख 10 हजार 677, वैशाली में 47 हजार 702, शिवहर में 13 हजार 535, पूर्वी चंपारण में 87 हजार 735 व पश्चिम चंपारण में 74 हजार 922 तथा सीतामढ़ी में एक लाख 31 हजार तीन आवेदनों को रद्द किया गया है।

