मुजफ्फरपुर : कुढ़नी व मनियारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह घंटेभर के अंदर बाइकर गैंग ने दो बाइक सवार को निशाना बनाया। सुबह सवा दस बजे मनियारी महुआ मार्ग के सोनबरसा में शाहपुर मरीचा के प्रकाश कुमार को घेरकर दो बाइक सवार चार अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर 21 सौ नकद व चेन छीन ली।

जबकि दूसरी घटना सोनबरसा फुलवरिया मार्ग के सरमस्ता के समीप पौने दस बजे घटी। सोनबरसा पोस्ट ऑफिस में कार्यरत एक कर्मचारी को घेर कर अपराधियों ने आठ हजार रुपये व चेन छीन ली।

दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों का हुलिया एक जैसा बताया गया है। पीड़ित युवक प्रकाश कुमार ने मनियारी थाने में लिखित शिकायत की। वहीं दूसरी घटना को लेकर थाने में शिकायत नहीं की गई।

मनियारी के प्रभारी थानेदार मो. कलाम ने बताया कि अपराधी कि पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है। मालूम हो कि जिले में बाइक गैंग का उत्पात लगातार जारी है। दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। कई बार मौके पर पुलिस पहले मौजूद रहती है, लेकिन अपराधी बेखौफ रहते हैं।

