बिहारशरीफ के सिलाव थाना क्षेत्र स्थित नानंद गांव के समीप नालंदा सैनिक स्कूल में एक साथ तीन दर्जन बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी लाया गया, जहां सभी बच्चों का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल अस्पताल में भर्ती सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।


जानकारी के अनुसार नानंद स्थित नालंदा सैनिक स्कूल में एक साथ 35 बच्चों को डिहाइड्रेशन हो गया, जिसके कारण सभी बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद सैनिक स्कूल प्रशासन के द्वारा इलाज के लिए वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी लाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में इलाज किया जा रहा है।


सैनिक स्कूल के शिक्षक पुनीत कुमार ने बताया कि 83 बच्चे मध्य प्रदेश से टूर से लौटे थे, जिसमें 35 बच्चे डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए। अचानक एक-एक कर कई बच्चों को उल्टी और दस्त होने लगा, जिसके बाद सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
