समस्तीपुर। नगर परिषद (उत्क्रमित नगर निगम) के नियंत्रित कर्पूरी बस पड़ाव में विभागीय वसूली के कारण हर वर्ष लाखों रुपये राजस्व की क्ष’ति हो रही है। महालेखाकार प्रतिवेदन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2015-16 से 2016-17 तक कर्पूरी बस स्टैंड की विभागीय वसूली के कारण 33 लाख 28 हजार रुपये राजस्व की क्ष’ति हुई।
लेखा परीक्षण के दौरान अभिलेखों की संवीक्षा में यह बात सामने आई कि वित्तीय वर्ष 2015-16 में नगर परिषद उत्क्रमित नगर निगम के अधीन कर्पूरी बस स्टैंड की बंदोबस्ती कुल 40 लाख 46 हजार 51 रुपये में की गई थी। लेकिन, वर्ष 2017-18 के बजट के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2015-16 में बस पड़ाव के विभागीय वसूली द्वारा मात्र 24 लाख 51 हजार 249 रुपये राशि मिली थी।

विभागीय वसूली के कारण नगर परिषद को कुल 15 लाख 94 हजार 757 रुपये राजस्व की क्षति हुई। नगर परिषद द्वारा वर्ष 2016-17 के लिए बस पड़ाव की बंदोबस्ती नहीं की गई थी तथा 23 वर्ष पुराने दर से ही विभागीय वसूली की गई।
नगर विकास एवं आवास विभाग को प्रेषित वर्ष 2016-17 के मासिक प्रगति प्रतिवेदन के अनुसार वर्ष 2016-17 में बस पड़ाव की विभागीय वसूली द्वारा कुल 23 लाख 11 हजार 491 रुपये राशि प्राप्त हुई थी जो वर्ष 2015-16 की सुरक्षित राशि 40 लाख 44 हजार 435 रुपये से 17 लाख 32 हजार 944 रुपये कम थी।
इस प्रकार विभागीय वसूली के कारण वर्ष 2016-17 में कुल 17 लाख 32 हजार 944 रुपये राजस्व की हानि हुई। वर्ष 2015-16 में बंदोबस्ती धारकों द्वारा पुराने दर से टॉल वसूली नहीं किए जाने एवं बंदोबस्ती की शर्तों के अनुसार सितंबर 2015 तक बंदोबस्ती की शेष 50 प्रतिशत राशि जमा नहीं किए जाने के बावजूद बंदोबस्ती को रद्द नहीं की गई। तथा विभागीय वसूली प्रारंभ कर दी गई।
