बाघों की संख्या बढ़ने के संकेत, जानें विस्तार से…

बेतिया। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में फिर बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अभी कुल बाघों की संख्या 37 है। अब संख्या 50 होने की संभावना है। यह जानकारी जनवरी से मार्च 2022 के बीच बाघों की गणना के लिए लगाए गए 240 ट्रैप कैमरों की तस्वीरों से मिली है। वीटीआर के क्षेत्र निदेशक के अनुसार ट्रैप कैमरे की रिपोर्ट इस माह के प्रथम सप्ताह में एनटीसीए को भेज दी गई है। जहां पूरी गणना की प्रक्रिया दो से तीन माह तक चलेगी।

इसके बाद सही परिणाम सामने आएगा। सभी ट्रैप कैमरे बारी-बारी से पेड़ों पर 30 से 40 दिनों तक रखे गए थे। इस दौरान बाघों की गतिविधियों पर ध्यान दिया गया। खास बात यह कि इस बार बाघों के साथ अन्य वन्य जीवों की गणना पर ध्यान दिया गया था। यह कार्य वन्य प्राणी अध्ययन, संस्थान, देहरादून और नेशनल टाइगर कंजर्वेशन आथोरिटी की संयुक्त पहल पर किया गया। जिन स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए थे, उसके लिए 250 ग्रिड के निर्माण कराए गए थे।

एक ग्रिड पर दो तरफ से दो-दो कैमरे लगाए गए थे। ताकि जंगल के किसी भी क्षेत्र से बाघ गुजरे तो उसकी तस्वीर आसानी से कैद की जा सके। सभी कैमरे को जीपीएस से जोड़ा गया था। डिवीजन एक में गणना पूरी होने के बाद दूसरे डीविजन में ट्रैप कैमरे लगाए गए थे। बाघों की गणना हर वर्ष की जाती है, लेकिन इसे गोपनीय रखा जाता है।

 

चार वर्ष पर इसकी आधिकारिक जानकारी दी जाती है। विश्व व्याघ्र दिवस पर 29 जुलाई को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में इसकी जानकारी दी जाती है, इसमें देश के 51 टाइगर रिजर्व के अधिकारी शामिल होते हैं।

इससे पहले 2018 में बाधों की संख्या के बारे में अधिकारिक रूप से घोषणा की जानी थी, लेकिन उसे एक वर्ष बाद विश्व व्याघ्र दिवस 29 जुलाई 2019 को बताया गया था। इसके अनुसार, अभी वीटीआर में कुल बाघों की संख्या 37 है। वहीं शावकों की संख्या मिलाकर 46 हो गई थी। अब संख्या 50 होने की संभावना है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.