मुजफ्फरपुर। आम के बेहतर उत्पादन के लिए खास बात का ध्यान रखना जरूरी है। अखिल भारतीय फल अनुसंधान परियोजना के सह निदेशक डॉ एस.के.सिंह ने कहा कि अभी बाग में हल्की सिंचाई शुरू कर देनी चाहिए। जिससे बाग की मिट्टी में नमी बनी रहे। ध्यान देना होगा कि पेड़ों के आसपास जलजमाव न हो।
पेड़ दस वर्ष या उससे ज्यादा के हैं तो उसमें 500-550 ग्राम डाइअमोनियम फॉस्फेट, 850 ग्राम यूरिया एवं 750 ग्राम म्यूरेट ऑफ़ पोटाश एवं 25 किग्रा गोबर की खाद पौधे के चारों तरफ मुख्य तने से 2 मीटर दूर रिंग बना कर खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। आइआइएचआर, बैंगलोर की ओर से विकसित मैंगो स्पेशल या सूक्ष्मपोषक तत्व जिसमें घुलनशील बोरान की मात्रा ज्यादा हो उसको 2 ग्राम प्रति लीटर पानी में घोल कर छिड़काव करने से लाभ मिलेगा।

फल की तुड़ाई के उपरांत खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग करते समय 25 किग्रा प्रति हेक्टेयर की दर से घुलनशील बोरान का प्रयोग कर चुके है तब अब छिड़काव करने की आवश्यकता नहीं है।
यदि आपने प्रयोग नहीं किया है एवं पूर्व के वर्षो में आपके बाग के आम के फलों के फटने की समस्या रही हो तो तुरंत 4 ग्राम घुलनशील बोरोन को प्रति लीटर पानी की दर से घोलकर छिड़काव अवश्य कर दे।
बाग में हल्की-हल्की सिंचाई करके मिट्टी को हमेशा नम बनाये रखना चाहिए इससे फल की बढ़वार अच्छी होती है। बाग को साफ सुथरा रखना चाहिए। थियाक्लोप्रिड युक्त कीटनाशकों का स्प्रे करने से आम फलों के बोरर्स को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।
