बिहार के नवादा जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने देर रात एक के बाद एक 3 बाइकों में आग लगा दी। अचानक आग लगने की घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गए। देर रात को ग्रामीणों की नींद खुली तो उन्होंने आग पर काबू पाया।


अपराधियों की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जाता है कि अपराधियों ने मुखिया प्रतिनिधि को निशाना बनाते हुए उनकी बाइक्स को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि इस घटना को क्यों अंजाम दिया गया। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, बाइक में आग लगाने की यह घटना वारसलीगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर पंचायत के मसूदा गांव की है। मकनपुर पंचायत के मुखिया रेखा कुमारी के प्रतिनिधि नवलेश कुमार किरण की बाइक में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने आग लगा दी।

आग लगने से तबाह हुई बाइक में एक अपाचे, एक ग्लैमर और एक बुलेट बाइक शामिल है। बताया जाता है कि देर रात 1:07 पर यह इस घटना को अंजाम दिया गया। दो नकाबपोश अपराधियों ने बाइक में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
