दो साल पहले हुए 25.66 लाख रुपये के डाक टिकट घोटाला में शनिवार की शाम करीब पांच बजे नगर पुलिस ने प्रधान डाकघर में छापेमारी की। कांड के आईओ सुनील पंडित ने घोटाला के आरोपित डाक सहायक संजय कुमार को ऑफिस से दबोचा। गिरफ्तारी का कुछ डाककर्मियों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने सरकारी व न्यायिक कार्य का हवाला देकर शांत करा दिया। गिरफ्तार डाक सहायक मूल रूप से कांटी थाना के बहादुरपुर गांव का निवासी है।

डाक टिकट घोटाला में 22 फरवरी 2020 को नगर थाने में पीआरआई सोनेलाल राम ने एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें मुख्य आरोपित बहिलवारा गोविंद गांव के निवासी डिप्टी पोस्टमार्टर (वन) शशिभूषण तिवारी, स्टांप खजांची खबड़ा निवासी कृष्णमुरारी और डाक सहायक कांटी के बहादुरपुर निवासी संजय कुमार को आरोपित बनाया था। शशिभूषण तिवारी ने कोर्ट से जमानत ले ली है, जबकि संजय और कृष्णमुरारी फरार चल रहे थे।

आईओ ने बताया कि सोनेलाल राम ने एफआईआर में बताया था कि डाक विभाग की ओर से घोटाले की जांच के लिए प्राधिकृत किया गया था। प्रधान डाकघर में वार्षिक निरीक्षण के दौरान फर्जीवाड़ा सामने आया था। 13 दिसंबर 2020 से 20 दिसंबर 2020 तक के डाक टिकटों की बिक्री व स्टॉक की जांच की गई थी। गड़बड़ी सामने आने के बाद स्थाई निरीक्षण के लिए कमेटी का गठन किया गया, जिसमें एएसपीओ पवन कुमार, राजेश कुमार, डाक निरीक्षक आशुतोष कुमार, डॉबिन चंद्रा, पोस्टमास्टर बीएन त्रिवेदी शामिल थे।

जांच में कमेटी ने कुल 25 लाख 66 हजार 211 रुपये 25 पैसे के डाक टिकट का घोटाला पकड़ा। घोटाला किए गए डाक टिकटों का स्टॉक या कोई रिकॉर्ड नहीं पाया गया। आरोपित कृष्णमुरारी को स्टॉक से डाक टिकट निर्गत करने की जिम्मेवारी थी। डाक सहायक संजय कुमार को काउंटर से डाक टिकट बेचने व बच गए डाक टिकट को स्टॉक में वापस कराने की जिम्मेवारी थी। सभी कार्यों के निरीक्षण की जिम्मेवारी डिप्टी पोस्टमास्टर शिशभूषण तिवारी की जिम्मेवारी थी।

इस तरह जांच में आए घोटाले के बाद इन तीनों जिम्मेवारों को दोषी मानते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई। नगर डीएसपी रामनरेश पासवान और एसएसपी जयंतकांत की सुपरविजन और रिपोर्ट टू की जांच में भी घोटाला स्पष्ट हुआ। इसके बाद तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी का आदेश जारी किया गया। दो साल से दबे इस केस में कार्रवाई की समीक्षा के बाद एटीएस के एडीजी रवींद्रन शंकरण ने गिरफ्तारी करने का आदेश दिया था। इसके बाद आईओ ने शनिवार को आरोपित संजय कुमार को गिरफ्तार किया। नगर थानेदार अनिल कुमार ने बताया कि रविवार को संजय को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।