सुखदेवनगर से अगवा छात्र को रांची पुलिस ने सकुशल किया बरामद

रांची. सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित गंगानगर के रोड नंबर दो से सोमवार को अगवा किए गए कृष्णा मिश्रा (साढ़े सात साल) को गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। कृष्ण के अपहरण के बाद रांची के एसएसपी अनीश गुप्ता ने टीम का गठन किया था। टीम ने तुपुदाना ओपी क्षेत्र के चितवादाग से बच्चे को बरामद किया है। मामले के साजिशकर्ताओं को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बच्चे की मां सीमा देवी ने दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि उनके बच्चे को पास में ही रहने वाले शिवानंद उरांव और अनिल अपने साथ ले गए, लेकिन लेकर नहीं लौटे।
एसएसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि 24 को सूचना मिली थी जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सूचना मिली थी कि छत्रपाल के घर लेबर का काम करने वाला शिवानंद उरांव ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ फिरौती के लिए कृष्णा मिश्रा का अपहरण किया था।

एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम में सिटी एसपी सुजाता वीणापानी, ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर, एएसपी अमित रेनू और कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल, हटिया डीएसपी विनोद रवानी, धुर्वा थाना, जगन्नाथपुर थाना, तूपुदाना थाना और नगड़ी थाना के थाना प्रभारी को शामिल किया गया था। टीम के द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही थी। बुधवार रात को सूचना मिली कि कर्रा-आतूहाता क्षेत्र में बच्चे को रखा गया है। टीम के द्वारा घेराबंदी की गई। पूरी रात सर्च अभियान चलाया गया। सुबह तुपुदाना के चितवादाग से सकुशल बच्चे को बरामद कर लिया गया। इस दौरान अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

छात्र के पिता हिंदुस्तान पेट्रोलियम में कॉन्ट्रैक्टर
कृष्णा के पिता छत्रपाल मिश्रा हिंदुस्तान पेट्रोलियम में कांट्रैक्टर हैं। वे मूल रूप से फरीदाबाद, हरियाणा के रहने वाले हैं। गंगानगर में किराए के मकान में रहते हैं। कृष्णा डीएवी स्वर्णरेखा में एलकेजी का छात्र है। सोमवार को वह एक बजे स्कूल से आया। तीन बजे तक वह उनके साथ था। थोड़ी देर बाद उसे ट्यूशन के लिए भेजा। ट्यूशन से वह 4.30 बजे लौटा। फिर वह दोस्तों के साथ खेलने चला गया। घर के सामने ही 10-12 बच्चे खेल रहे थे। तब सीमा थोड़ी देर के लिए लेटने चली गई। शाम पांच बजे ठंड बढ़ती देख वह स्वेटर लेकर कृष्णा को देने निकली, लेकिन वह बाहर नहीं था। कृष्णा के दोस्तों से पूछी तो सभी ने बताया कि उसे मिस्त्री भैया शिवानंद अपने साथ करम चौक की ओर ले गया। उन्हें लगा कि कुछ देर बाद लौट आएगा, लेकिन वह नहीं आया। शिवानंद का फोन भी स्विच ऑफ मिला। रात नौ बजे सुखदेव नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

चार दिन से घर के सामने आकर बैठ रहा था शिवानंद
कृष्णा की मां सीमा ने बताया कि चार दिन से शिवानंद अपने दो दोस्तों के साथ उनके घर के सामने बैठ रहा था। शिवानंद ने कुछ दिनों तक उनके पति के साथ काम भी किया था। एक महीने पहले ही वह काम छोड़ चुका था। कुछ दिन पहले उनके पति को उसने कहा था कि वह जमीन खरीद-बिक्री का काम कर रहा है। वह भी जमीन खरीदें, पर उन्होंने मना कर दिया था।

पड़ोसियों से पूछताछ में 40 लाख रुपए फिरौती मांगने की बात आई थी सामने
फिरौती मांगे जाने के सवाल पर सिटी एसपी ने कहा कि अभी ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। लेकिन छत्रपाल मिश्रा के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि उनके घर एक फोन आया था। फोन करने वाले ने 40 लाख रुपए फिरौती मांगी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading