मुजफ्फरपुर। रेलवे स्टेशन पर सामान्य टिकट के लिए पांच में से दो काउंटर खुलने की वजह से दर्जनों यात्रियों की ट्रेन छूट गई। यात्री ट्रेन की टिकट के लिए काउंटर पर खड़े रहे और उधर ट्रेन खुल गई। अधिक भीड़ होने के चलते यात्रियों को टिकट लेने में करीब एक घंटे का समय लग गया।
इस पर यात्रियों से आक्रोश जताया। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब तीन बजे मुजफ्फरपुर से हावड़ा जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस में सवार होने के लिए काफी संख्या में यात्री टिकट लेने को काउंटर के बाहर कतार में खड़े थे।
करीब ढाई बजे काउंटर पर कतार में लगने वाले दर्जनों यात्रियों को साढ़े तीन बजे के बाद टिकट मिल सका। इस बीच ट्रेन खुल गयी और यात्री देखते ही रह गए। मझौलिया निवासी अमरदीप साह, जीरो माइल के मोहन कुमार,
अखाड़ाघाट के राहुल सिंह सहित अन्य यात्रियों ने बताया कि जंक्शन पर दस काउंटर बना है। लेकिन, महज तीन पर ही टिकट बुक हो रही है। इस कारण घंटे भर कतार में लगने पर टिकट मिल रहा है। सभी काउंटर खोले रहने की स्थिति में महज पांच मिनट में ही यात्रियों को टिकट मिल सकता है।
वहीं, रेलवे के अधिकरियों ने बताया कि कर्मियों के अवकाश पर रहने के कारण कम काउंटर खुले थे। अवकाश खत्म होते ही पांच काउंटर पर टिकट बुकिंग शुरू हो जाएगी।
