पूर्णिया/मुजफ्फरपुर. कसबा थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर दो बाइक सवार अपराधियों ने गुरुवार को दिनदहाड़े कसबा फ्यूल सेंटर के कैशियर से 14 लाख 77 हजार रुपए लूट लिए और भाग निकले। घटना सुबह साढ़े दस बजे की है।
फ्यूल सेंटर के कैशियर हरिलाल साह ने बताया कि बुधवार को बैंक हड़ताल रहने से पंप पर तीन दिनों की बिक्री का पैसा था। गुरुवार सुबह वे स्कूटी से पैसा लेकर कसबा स्टेट बैंक जमा करवाने जा रहे थे। थाना के पास पहले से घात लगाए बाइक पर हेलमेट लगाए व मुंह ढंके दो अपराधियों ने पीछा कर हथियार के बल पर थैले में रखे 14.77 लाख रुपए लूट लिए। कैशियर ने घटना की सूचना फ्यूल सेंटर मालिक को दी। सूचना पर पेट्रोल पंप पहुंचे कसबा थानाध्यक्ष ने अपराधियों का पीछा किया, लेकिन वे फरार हो गए।

मुजफ्फरपुर में 7.25 लाख की लूट
सरैया थाने के जैतपुर ओपी क्षेत्र के पोखरैरा चौक स्थित दिनेश्वर पेट्रोल पंप से बुधवार की रात बाइक सवार अपराधियों ने 7.25 लाख रुपए लूट लिए। पंप पर नोजलमैन कांटी के सहबाजपुर निवासी पप्पू शाही व कुढ़नी के जयराम खरौना निवासी संजीत चौधरी तैनात थे। रात में करीब साढ़े आठ बजे सरैया की तरफ से बिना नंबर की स्कूटी पर तीन लोग आए। सिर पर पिस्तौल तान रकम लूट ली।