बॉलीवुड डेस्क. कॉमेडियन और एक्टर रहे कादर खान क्रिटिकल कंडीशन में हॉस्पिटलाइज हैं। उन्हें बाइपैप वेंटीलेटर पर रखा गया है। साथ ही प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लीयर पाल्सी डिसऑर्डर के कारण दिमाग से संचालित होने वाली गतिविधियां भी प्रभावित हो गई हैं। एंटरटेनमेंट वेबसाइट स्पॉटबॉय की खबर के अनुसार यह जानकारी कादर खान के बेटे सरफराज खान ने दी है।
लम्बे समय से कनाडा में हैं कादर : कादर खान पिछले कई सालों से कनाडा में ही अपने बेटे-बहू सरफराज और शाइस्ता के साथ रह रहे हैं। सरफराज के अनुसार डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी हेल्थ पर नजर रखे हुए थी, लेकिन सांस लेने में हो रही दिक्कत के कारण उन्हें बाइपेप वेंटीलेटर पर रखा गया है।

क्या है पीएसपी : प्रोग्रेसिव सुप्रान्यूक्लीयर पाल्सी (पीएसपी) एक असामान्य मस्तिष्क विकार है जो शरीर की गति, चलने के दौरान बनने वाले संतुलन, बोलने, निगलने, देखने, मनोदशा और व्यवहार के साथ सोच को प्रभावित करता है। यह डिसऑर्डर मस्तिष्क में नर्व सेल्स के नष्ट होने के कारण होता है।
ऐसी है कादर खान की हालत : खबर के अनुसार कभी वे होश में रहते हैं देखते हैं, लेकिन हर पल नहीं। कादर साहब ने भी बात करना बंद कर दिया है। उनमें निमोनिया के लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं। कादर साब के बेटे सरफराज और उनकी बहू ने इलाज में कोई कसर नहीं छोड़ी है लेकिन कादर साब की सेहत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
पिछले साल हुई थी सर्जरी : कादर के बेटे ने 2017 में उनके घुटने की सर्जरी के बारे में भी बताया था। वे ज्यादा देर तक चलने में डरते थे, उन्हें लगता था कि वे गिर जाएंगे। इसके बाद से लगातार उनके स्वास्थ्य में गिरावट आती जा रही है।