किसानों की नहीं उपजी फसल, अगली फसल पर भी संकट कायम, जानें कहां है मामला…

मुजफ्फरपुर। बोचहां प्रखंड की नरमा पंचायत में बड़ी संख्या में किसानों को रबी की फसल नहीं हुई। ऐसा इसलिए कि उनके खेतों में जमा पानी बाहर नहीं निकला। वे समय पर बोवाई नहीं कर सके। खेतों से पानी नहीं निकलने के पीछे यहां वर्षों पहले बना नाला है।

इसमें जलकुंभी एवं अन्य पौधे उगे हैं। इसकी सफाई नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। मामले में जन शिकायत अधिनियम के तहत परिवाद दर्ज होने पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता पर पांच हजार का जुर्माना लगाया गया है।

जुर्माना लगने का कारण अभियंता के स्तर से कोई जवाब नहीं आया, मगर किसानों की समस्या जस की तस रह गई। मीनापुर के राजद नेता अमरेंद्र कुमार ने किसानों की समस्या को लेकर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कार्यालय में परिवाद दायर किया।

इसमें कहा गया कि जल संसाधन विभाग के नाला की उड़ाही नहीं होने से इसमें जलकुंभी और कचरा भर गया है। इस कारण यहां से बाढ़ या बारिश का पानी नहीं निकल पाता है। इलाके की तीन से चार पंचायत के करीब एक हजार किसान प्रभावित हो रहे।

हजारों एकड़ जमीन पर फसल नहीं लग सकी। मामले की सुनवाई में जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद तीन नोटिस जारी किया गया। कोई रिपोर्ट नहीं आने के बाद जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए वाद की कार्यवाही समाप्त कर दी। किसानों की समस्या दूर करने को लेकर कोई आदेश नहीं होने से अगली रबी फसल पर भी संकट रहेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading