पटना : बिहार के सभी पर्यटन स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि वहां आने वाले पर्यटक तस्वीरें खींचकर इंटरनेट मीडिया पर प्रचारित-प्रसारित कर सकें। पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई विभागीय समीक्षा बैठक में इस बाबत निर्णय लिया गया।
मंत्री नारायण प्रसाद ने कहा कि देश-विदेश के पर्यटक सेल्फी को फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर अपलोड करेंगे तो बिहार के पर्यटन केंद्रों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगी।
उन्होंने बिहार पर्यटन की वेबसाइट को अपडेट करने व उसमें पर्यटन केंद्रों की विस्तृत सूचना और तस्वीरें अपलोड करने को कहा है, ताकि पर्यटक बिहार आने से पहले विस्तृत जानकारी ले सकें।
पर्यटन सूचना केंद्रों को भी आधुनिक सुविधा से लैस करने व आने-जाने वाले पर्यटकों का आकड़ा संरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। पर्यटन मंत्री ने अफसरों को दो टूक कहा कि योजनाओं को ससमय पूरा किया जाए। सरकार एक्शन मोड में है। लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।
योजना में देरी होने पर दोषी संवेदक या एजेंसी को ब्लैकलिस्टेड करते हुए जमानत राशि को जब्त कर ली जाएगी। इस मामले में दोषी अभियंताओं पर भी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार हर तरह की सुख-सुविधा दे रही है, ऐसे में अफसर भी पूरी लगन से काम करें। मंत्री ने कहा कि स्थानीय पर्यटन केंद्रों के विकास के लिए संबंधित जिला पदाधिकारियों से पत्राचार किया गया है। इसकी सूची तैयार कर ली गई है। जल्द ही जिलाधिकारियों से रिपोर्ट प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल व प्रबंध निदेशक प्रभाकर भी उपस्थित थे।
