पटना : मुजफ्फरपुर और भागलपुर स्मार्ट सिटी के अंतर्गत जल्द ही एक दर्जन नई योजनाओं पर काम शुरू होगा। इसके साथ ही पूरी हो चुकीं योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग के स्तर से शुरू होने वाली योजनाओं का काम तय समय के अंदर पूरा करने का टास्क अफसरों को दिया गया है।
मुजफ्फरपुर के नगर भवन का जीर्णोद्धार का काम पूरा हो चुका है। वर्ष 1911 में बने विरासत भवन को करीब 1.28 करोड़ से नए रंग-रूप और रोशनी से जगमग किया गया है। हाल अब सीसीटीवी कैमरे व नए फर्नीचर के साथ वातानुकूलित हो गया है। यहां पुस्तकालय की भी व्यवस्था की गई है।
इसी तरह भागलपुर में 1.41 करोड़ रुपये से आन ग्रीड रूफटाप सोलर और 4.24 करोड़ रुपये से नाइट शेल्टर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। शहर के उप विकास आयुक्त कार्यालय, कोषागार कार्यालय, नगर निगम कार्यालय, चिकित्सा महाविद्यालय, आयुक्त कार्यालय, सुंदरवती महिला महाविद्यालय और वाणिज्य वित्तकर कार्यालयों की छत पर सोलर सिस्टम लगाया गया है जिसकी विद्युत उत्पादन क्षमता 336 किलोवाट है।
भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में आमजनों के लिए 100 बेड की क्षमता वाला नाइट शेल्टर का निर्माण किया गया है।
यहां मरीज के परिजनों के रात्रि विश्राम के साथ भोजन की सुविधा भी सरकारी दर पर उपलब्ध होगी। इन तीनों ही योजनाओं का जल्द उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
