PATNA : बर्फबारी के कारण राजधानी समेत पूरे बिहार में सर्दी का सितम जारी

पटना। हिमालय की तराई क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण राजधानी समेत पूरे बिहार में सर्दी का सितम जारी है। शुक्रवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। गया कोल्‍ड वेब की चपेट में रहा। तापमान में अभी और गिरावट आएगी। डॉक्‍टरों ने ठंड में विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है।

कल पटना का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कोल्ड वेव की चपेट में ठिठुरते गया का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया भी पांच डिग्री सेल्सियस के साथ ठिठुरता रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय की तराई क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान लगातार नीचे जा रहा है। अभी मौसम और ठंडा होगा।

धूप में भी राहत नहीं

कई जिलों में दिन में धूप खिली मगर धूप में भी ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रही। सभी प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान अमूमन 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। शाम ढलते ही तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।
ठिठुरती सर्दी में सुबह-शाम ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। पीएमसीएच के मुख्य आकस्मिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभिजीत सिंह कहते हैं, बच्चे और बुजुर्गों को विशेष एहतियात बरतना चाहिए। कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. विकास सिंह कहते हैं, ठंड के कारण रक्त संचार काफी प्रभावित होता है। इससे हार्ट अटैक की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में पूरा शरीर ढककर रखना चाहिए। सुबह सवेरे बुजुर्गो को पार्क में टहलने से परहेज करना चाहिए ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading