सहरसा : बढ़ती महंगाई ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मकान निर्माण की सामग्री के बढ़े दाम के कारण निर्माण कार्यों में ब्रेक लग गया है। सीमेंट, सरिया, ईंट, रेत सहित अन्य सामग्रियों के दाम बढ़ने के कारण लोग निर्माणाधीन मकान का कार्य बंदकर सामग्रियों के दाम घटने का इंतजार कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास निर्माण योजना के तहत मकान निर्माण का सपना संजोए लाभार्थी का दम निकल गया है। लोगों ने निर्माण कार्य बंद कर दिया है। आवास योजना के तहत पक्का मकान के लिए ग्रामीण इलाके में एक लाख बीस हजार दी जा रही है, वह निर्माण सामग्रियों के दाम बढ़ने के कारण केवल छत ढला ढलाई तक ईंट जोड़ने या ढलाई तक ही खत्म हो जाती है।
ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य भी बंद हो गए हैं। लोगों का कहना है कि जिस तरह से महंगाई बढ़ रही है, उससे घर चलाना मुश्किल हो रहा है, रसोई का ही बजट बिगड़ गया है, ऐसे में घर बनाने की सामग्री के बढ़े दाम तो घर निर्माण का सपना ही तोड़ दिया है।

निर्माण सामग्रियों के दाम में बेतहाशा वृद्धि हुई है। छड़ में 35 से 40 प्रतिशत, सीमेंट में 30 से 35 प्रतिशत, रेत में 35 से 40 प्रतिशत, ईंट में 27 से 30 प्रतिशत और मजदूरी में 15 से 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
सीमेंट और छड़ के साथ ही ईंट और बालू चिप्स के दाम में भी जबरदस्त उछाल आया है। बालू आठ ह•ार रुपये ट्रेलर, चिप्स यानि गिट्टी नौ हजार रुपये ट्रेलर, सीमेंट चार सौ पचास रुपये बोरा, छड़ साढ़े आठ हजार रुपये क्विंटल मिल रहा है।
