मुजफ्फरपुर : मेयर के उम्मीदवार रहे वार्ड नंबर-46 के पार्षद नंद कुमार प्रसाद साह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक व मेयर पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विधायक विजेंद्र चौधरी नगर निगम के कार्यो में हस्तक्षेप कर शहर के विकास में बाधक बन रहे है। मेयर उनके कठपुतली है।
निगम बोर्ड की जब बैठक होती है, तब विधायक विकास का मुद्दा उठाने वाले पार्षदों की मुंह बंद कराने की कोशिश करते हैं, उन्हें जनता को बताना चाहिए कि नगर निगम से उनका कैसा स्वार्थ है, जो मोहभंग नहीं हो रहा है। कई दशक बाद फरदो आउटलेट की उड़ाही शुरू है।
इसमें जब उनका व उनके कुछ लोगों का स्वार्थ नहीं सिद्ध हुआ, तब विधायक महापौर के माध्यम से इसके टेंडर पर भी सवाल उठाना शुरू कर दिए है। नंदू साह ने कहा कि महापौर की हालत यह है कि बिना विधायक से पूछे एक कदम अपने दम पर नहीं चल सकते है।
वार्ड-20 के पार्षद संजय केजरीवाल ने कहा कि निगम के माध्यम से हो रहे विकास कार्य कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्षद अजय ओझा, शहनाज खातून, मो.हसन, पूर्व पार्षद विजय झा, सुरेश कनौजिया, रामू सहनी आदि मौजूद थे।

