पॉलीटेक्निक के सिलेबस को किया गया अपडेट, विद्यार्थी अब रोजगार देने वाले विषयों की कर सकेंगे पढ़ाई

मुजफ्फरपुर। पॉलीटेक्निक के विद्यार्थी अब रोजगार देने वाले विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए छात्र-छात्राओं को इंडस्ट्री के अनुसार तैयार करने के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद ने पालीटेक्निक के सिलेबस को अपडेट किया है।

अब पालीटेक्निक के विद्यार्थी प्रथम सेमेस्टर से ही आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, इंटरनेट आफ थिंग्स (आइओटी), पायथन और स्पोर्ट्स व योग की पढ़ाई करेंगे। इंडस्ट्री में इन विषयों की बढ़ रही मांग के अनुसार विद्यार्थियों को इसकी पढ़ाई कराई जाएगी।

वहीं तीसरे सेमेस्टर से ही विद्यार्थी इंटर्नशिप कर सकेंगे । पहले पांचवें सेमेस्टर में इंटर्नशिप का प्रावधान था। अपडेट किए गए सिलेबस के अनुसार अब पांचवें और छठे सेमेस्टर में रोबोटिक्स और फारेंसिक साइंस की पढ़ाई होगी। वर्तमान में इंडस्ट्री में इन्हीं विषयों की अधिक मांग है।

इन विषयों के अध्ययन के बाद यदि रोजगार नहीं मिलता है तो विद्यार्थी स्वरोजगार भी कर सकेंगे। प्रथम सेमेस्टर से ही विद्यार्थी नेशनल प्रोग्राम आन टेक्नोलाजी एंहांस्ड लर्निंग (एनपीटीईएल) के माध्यम से मैसिव ओपेन आनलाइन कोर्स (मूक्स कोर्स) भी करेंगे। अपने पाठ्यक्रम के साथ-साथ इस पोर्टल पर विद्यार्थी कोर्स कर पाएंगे। इसपर देशभर के आइआइटी के प्राध्यापकों के आनलाइन लैक्चर व पाठ्य सामग्री उपलब्ध हैं।

 

गवर्नमेंट पालीटेक्निक नया टोला के प्राध्यापक प्रो.निखिल कुमार बताते हैं कि तीसरे सेमेस्टर में इंटर्नशिप के बाद विद्यार्थी स्वरोजगार की ओर भी बढ़ सकेंगे। महिला पालीटेक्निक के डा.विनीत कुमार ने बताया कि पांचवें सेमेस्टर में इंटर्नशिप के बाद विद्यार्थियों को प्रयोग के लिए अधिक समय नहीं मिल पाता था। तीसरे सेमेस्टर में इंटर्नशिप के बाद विद्यार्थी अपने रोजगार को व्यवस्थित करने की दिशा में पहल कर पाएंगे। वहीं छात्र-छात्राओंके सर्वांगीण विकास को लेकर स्पोर्ट्स और योग को भी पहले सेमेस्टर से ही सिलेबस का हिस्सा बनाया गया है। नए सिलेबस के अनुसार थ्योरी के साथ ही प्रायोगिक कक्षाओं पर अधिक जोर दिया जाएगा। इसके लिए गवर्नमेंट पालीटेक्निक में ई.यंत्र लैब की स्थापना की गई है ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.