पटना : बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 67वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के प्रश्न पत्र रविवार को परीक्षा आरंभ होने से लगभग 15 मिनट पहले वायरल हो गए थे। वायरल प्रश्न की पुष्टी परीक्षा समाप्त होते ही परीक्षार्थियों ने कर दी। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि सभी वायरल प्रश्न पत्र परीक्षा में मिले प्रश्न पत्र से मैच कर रहे हैं।
विभिन्न टेलीग्राम ग्रुप पर वायरल प्रश्न पत्र को छात्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप कुमार ने 11:49 में ही cmbihar-bih पर ई-मेल कर सूचना दी थी। मामले को लेकर आयोग ने कमेटी गठित की है। आयोग के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि विभिन्न टीवी चैनलों पर प्रश्न पत्र लीक होने की सूचना प्रसारित की गई।
मामले में आयोग के अध्यक्ष आरके महाजन ने जांच के लिए आयोग की तीन सदस्यीय टीम गठित की है। जांच दल 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट देगा। इसके बाद परीक्षा को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
इससे पूर्व परीक्षा खत्म होने से पहले ही आरा में छात्रों ने पेपर लीक होने की बात कहते हुए हंगामा किया। परीक्षा के बाद वायरल प्रश्न पत्र को सही बताते हुए अभ्यर्थियों ने एग्जाम रद करने की अपील करते हुए सीबीआइ जांच की मांग की। बीपीएससी की 67वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को राज्य के सभी जिलों के 1083 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। पटना में 55,710 परीक्षार्थियों के लिए 83 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। 802 पदों के लिए पहली बार रिकार्ड छह लाख से अधिक आवेदन परीक्षा के लिए आए थे।
एग्जाम दोपहर 12 बजे से दो बजे तक आयोजित हुआ। आयोग के संयुक्त सचिव सह परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि इस परीक्षा के लिए 6,02,221 अभ्यर्थियों ने आनलाइन आवेदन किया था। सभी परीक्षा केंद्रों पर जिला प्रशासन की ओर से धारा 144 लागू की गई थी। परीक्षा के लिए सभी जिलों के डीएम को सह परीक्षा संयोजक बनाया गया था।
