SARAIYA/ HATHAURI : सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत

हथौड़ी व सरैया में हुए सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हथौड़ी के पितौझिया में अज्ञात बस की चपेट में आने से प्रमोद सहनी की पुत्री निभा कुमारी बुरी तरह घायल हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे एसकेएमसीएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रमोद सहनी ने बताया कि बच्ची दरवाजे पर खेल रही थी। इस दौरान खेलते-खेलते सड़क पर पहुंच गई। तभी सीतामढ़ी एनएच 77 पर से गुजर रहे बस की चपेट में आ गई। शव पहुंचते ही परिवार के सदस्य चीत्कार मार कर रोने लगे।

इधर, सरैया में राष्ट्रीय राजमार्ग 722 पर सहदानी के निकट अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान बसैठा गांव निवासी चुल्हाई राम के 21 वर्षीय पुत्र राजू कुमार व घायल बहिलवार निवासी जय किसुन राम का 20 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार बताया गया। दोनों एक बाइक से बखड़ा से सरैया की ओर जा रहे थे। बिजली ऑफिस के निकट सरैया से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने अपनी गश्ती वाहन से दोनों को सीएचसी पहुंचाया ,जहां से चिकित्सकों ने दोनों को रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाने के क्रम में राजू की मौत हो गई।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading