पटना। उद्योग विभाग अगले तीन महीने में प्लग एंड प्ले सिस्टम के तहत दो सौ सेंटर उपलब्ध करा देगा। रेडिमेड गार्मेंट तथा आइटी सेक्टर को प्लग एंड प्ले माडल के तहत प्राथमिकता दी जाएगी। इसमें स्टार्टअप से जुड़े उद्यम अधिक होंगे। वैसे जगहों पर प्लग एंड प्ले आउटलेट अधिक बनेंगे जहां उद्योग लगाने के लिए जमीन की कमी है और उनकी कीमत अधिक हो गयी है।
प्लग एंड प्ले माडल के तहत उद्योग लगाने के लिए सरकार के स्तर से शेड बनाकर या किसी बड़े हाल में सभी तरह की व्यवस्था कर अलग-अलग हिस्से उद्यमियों को किराए पर उपलब्ध करा दिए जाते हैैं। यहां उद्यमियों को सिर्फ अपना उपकरण लगाकर काम आरंभ करना होता है।
पश्चिम चंपारण के चनपटिया माडल के बाद बिहार में प्लग एंड प्ले माडल पर बात आगे बढ़ी है। कोरोना काल में चनपटिया में बिहार राज्य खाद्य निगम के एक जर्जर शेड को स्थानीय जिला प्रशासन ने दुरुस्त कर उन्हें रेडिमेड वस्त्र तैयार करने वाले उन कामगारों को उपलब्ध करा दिया जो कोरोना काल में बाहर के राज्यों से अपने घर लौटे थे। उन्हें काम आरंभ किए जाने को ले कुछ आर्थिक सहायता भी दी गयी थी। यह माडल काफी सफल रहा। बड़े स्तर पर यहां काम हो रहा। देश के कई राज्यों से इन उद्यमियों को आर्डर मिल रहे।
उद्योग विभाग से मिली जानकारी के अनुसार चंपारण के कुमारबाग तथा भागलपुर में प्लग एंड प्ले सेंटर शुरू किए जाने को ले जगह चिन्हित कर लिए गए हैैं। इसके अतिरिक्त कई अन्य शहरों में भी यह आरंभ होगा। विभाग की प्राथमिकता उन शहरों में प्लग एंड प्ले को शुरू करने की है जहां उद्योग लगाने के लिए जमीन नहीं हैैं और अगर हैैं भी तो काफी मंहगे। पटना में भी प्लग एंड प्ले की संभावना देखी जा रही।
प्लग एंड प्ले योजना के तहत रेडिमेड गार्मेंट व आईटी सेक्टर प्राथमिकता में है। इसके पीछे यह तर्क है कि अपेक्षाकृत कम जगह में इस सेक्टर के काम को शुरू करने में सहूलियत है। स्टार्टअप को जगह मिले इसे भी ध्यान में रखा जाएगा।
