आरा। बिहार लोक सेवा आयोग ने 67वीं प्रारंभिक परीक्षा में कुछ ऐसे शिक्षण संस्थानों को केंद्र बनाया, जो पहले से ही दागी रहे हैं। भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में स्थित कुंवर सिंह कालेज ऐसा ही एक केंद्र था, जहां परीक्षा में धांधली के आरोप लग रहे हैं। इस कालेज की व्यवस्था को पांच साल पहले बिहार बोर्ड खारिज कर चुका है। आठ साल से विश्वविद्यालय प्रशासन भी इसे असंबद्ध कर चुका है। फिर भी इसे किसके आदेश या किसकी रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्र बनाया गया, बड़ा सवाल है।
बहरहाल इस सवाल पर चुप्पी छाई है। सामान्य नियम है कि परीक्षा केंद्र बनाने से पहले वहां की सुरक्षा, गोपनीयता व विश्वसनीयता की जांच होती है। जिलास्तरीय विभागों से रिपोर्ट मांगी जाती है। सब कुछ संतोषजनक रहने पर ही वहां केंद्र बनाया जाता है।
कुंवर सिंह कालेज परीक्षा केंद्र पर बीपीएससी परीक्षा में हंगामे के पीछे उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र बांटने में अव्यवस्था की बात सामने आ चुकी है। जब आधे घंटे पहले उत्तर पुस्तिकाएं व प्रश्न-पत्र खोले गए थे, तो बांटने में विलंब कैसे और क्यों हुआ? निर्देश के अनुसार सभी उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न-पत्र एक साथ परीक्षा कक्ष में वीक्षक लेकर जाते हैं, तो फिर मात्र दो कमरे में ही कैसे परीक्षा शुरू हुई? केंद्र पर प्रतिनियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट उस समय क्या कर रहे थे? हंगामे के बाद जोनल पदाधिकारी की भूमिका क्या रही? प्रश्न-पत्र बांटने से पहले माइकिंग (उद्घोषणा) क्यों नहीं की गई? केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति कैसे दी गई? शक की सूई इन्हीं बिंदुओं के आसपास ठहरी है।
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा.धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कुंवर सिंह कालेज की संबद्धता सन् 2014 से नहीं है। जांच में वह मानक के अनुकूल नहीं पाया गया था। डीएम रोशन कुशवाहा का कहना है कि परीक्षा केंद्र में हंगामे और लापरवाही की जांच आर्थिक अपराध इकाई की टीम कर रही है, लेकिन प्रश्न-पत्र यहां से लीक नहीं हुए हैं।

