नववर्ष का स्वागत भीषण ठंड से होगा। राजधानी पटना सहित प्रदेश का न्यूनतम तापमान इस बार रिकॉर्ड तोड़ सकता है। पहली जनवरी को हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरे प्रदेश पर पडऩे के आसार हैं। बीते आठ वर्षों में पहली जनवरी को राजधानी का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। इस वर्ष पारा गिरकर 6 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
रविवार को राजधानी और आसपास के इलाके में तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। हवा में नमी की मात्रा 80 फीसद रहने के कारण कनकनी का अहसास किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री और अधिकतम 22.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बिहार में गया सबसे सर्द रहा। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। गया का न्यूनतम तापमान इस वर्ष सबसे निचले स्तर पर 2.7 डिग्री तक जा चुका है। हालांकि, वहां का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम 24.4 डिग्री रहा।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार एक जनवरी को हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बिहार में शीतलहर की स्थिति पैदा होगी। 5 जनवरी तक तापमान में कमी के आसार हैं। पूर्वानुमान के अनुसार इस बार जनवरी में न्यूनतम तापमान पिछले कई वर्षों का रिकार्ड तोड़ सकता है।