पटना। बिहार के सरकारी सेवकों के लिए गुड न्यूज है। उन्हें वेतन पर 203 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलने जा रहा है। सेवा से अवकाश ग्रहण (Retired) कर चुके कर्मियों को पेंशन में इसका लाभ मिलेगा। पेंशन में बढ़ी हुई राशि जुड़ जाएगी।
वित्त विभाग ने बुधवार को इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई राशि का भुगतान बकाये के रूप में इस साल एक जनवरी से किया जाएगा। इस बढ़ोत्तरी के दायरे में वे तमाम कर्मी आएंगे, जिन्हें छठे केंद्रीय वेतनमान का लाभ मिल रहा है।
राज्य सरकार ने यह आदेश केंद्र सरकार के निर्णय के आलोक में जारी किया है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय (Union Finance Ministry) ने सात अप्रैल को एक आदेश के जरिए केंद्रीय कर्मियों को 203 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का फैसला किया था।
इससे पहले केंद्र सरकार ने पिछले साल नवंबर में महंगाई भत्ते में वृद्धि का फैसला किया था। वह एक जुलाई 2021 से प्रभावी था। उस आदेश के प्रभाव के बाद महंगाई भत्ता 196 प्रतिशत हो गया था।
इस साल अप्रैल में इसमें और सात प्रतिशत की वृद्धि की गई है। वित्त विभाग के आदेश के मुताबिक बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नकद होगा।
कोषागार पदाधिकारियों को कहा गया है कि महालेखाकार या वित्त विभाग के दावा निर्धारण प्राधिकार के पत्र की प्रतीक्षा किए बिना औपबंधिक रूप में तत्काल बढ़ी हुई राशि का भुगतान करें। राज्य सरकार के अलावा पटना उच्च न्यायालय, विधानसभा एवं विधान परिषद के कर्मियों को भी इसका लाभ मिलेगा। लेकिन, इसके लिए अलग से आदेश जारी होगा।
