मोतिहारी में बुधवार की शाम एक घर से दो सगी बहनों का शव मिला। दोनों की लाश अलग-अलग कमरे में फंदे से लटकी हुई थी। मामला जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के गमहरिया गांव का है। घटना की जानकरी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई।

घटना के संबंध में मृतका के पिता चंद्रशेखर सिंह ने बताया जा रहा है कि दोनों सगी बहन घर पर अपने दादा के साथ थी। मैं अपनी पत्नी (बच्चियों की सौतेली मां) को लाने के लिए रक्सौल गया था। जब घर लौटा तो घर का मेन गेट बंद था।

बहुत देर तक दरवाजा खटखटाया पर गेट नहीं खुला। फिर सीढ़ी के सहारे घर मे प्रवेश किया तो देखा कि हॉल में दुपट्टा के फंदे से बेटी का शव लटका दिखा। जब दूसरी बेटी की तलाश की तो किचेन में उसका भी शव फंदे से लटका हुआ था।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2014 में दोनों बहनों की मां का शव भी इसी तरह से फंदे से लटकता घर से मिला था। पहली पत्नी की मौत के बारे में चंद्रशेखर का कहना है वह लिकोरिया की मरीज थी। इससे पीड़ित होकर सुसाइड की। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका मुस्कान और सुनीती कुमारी के पिता चंद्रशेखर सिंह ने पत्नी की मौत के बाद वर्ष 2016 में दूसरी शादी कर ली। इसके बाद से उसकी सौतेली मां दोनों बहनों को प्रताड़ित किया करती थी।

चंद्रशेखर सिंह के अनुसार घर में उनकी दोनों लड़कियों के अलावा उनके वृद्ध पिता थे। जिनको खाना खिलाने के बाद दोनों बहनें अपने कमरे में गई थी। इसके बाद उन दोनों का शव अलग-अलग कमरों में फंदा से लटकता मिला है। घटना की जानकारी मिलते बंजरिया थानाध्यक्ष संजय चौधरी घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर मृतका दोनों बहन के पिता से घंटो पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं।
