PATNA : डॉ. सीपी ठाकुर बनाएंगे कालाजार की देशी दवा

पटना . भाजपा सांसद व प्रख्यात चिकित्सक डॉ. सीपी ठाकुर कालाजार की देशी दवा बनाएंगे। कालाजार के खात्मे के लिए किए गए प्रयासों के लिए डॉ. ठाकुर को ख्याति मिली थी।

उन्होंने कालाजार उन्मूलन में बड़ी सफलता भी पाई थी। अब डॉ. ठाकुर ने कालाजार उन्मूलन के लिए देशी तकनीक को बढ़ावा देने का फैसला किया है। इसके लिए उन्होंने देसी दवा बनाने के लिए खुद ही खेती कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुजफ्फरपुर स्थित सकरा थाना अन्तर्गत अपने पैतृक गांव दुबहा में औषधीय पौधा लगाया है।

बीच-बीच में खुद उसका निरीक्षण करते हैं। रविवार को भी वे अपने गांव गए और खेती का जायजा लिया। वे ग्रामीणों को इसके लिए प्रेरित भी करते हैं।

 


डॉ. सीपी ठाकुर ने कहा कि उनकी यही ख्वाहिश है कि दुनिया पूरी तरह कालाजार मुक्त हो जाए। उन्होंने बचपन में खुद इस बीमारी का दंश झेला है। महज दो वर्ष की उम्र में ही वे इस बीमारी की चपेट में आ गए थे। 14 वर्ष तक असहनीय पीड़ा से जूझते रहे।

पूरा बचपन बीमारी की भेंट चढ़ गया। इसीलिए उन्होंने इस बीमारी से लड़ने का निश्चय किया। अब तो 90 फीसदी से ज्यादा इस बीमारी को नियंत्रित कर लिया गया है। उन्हें विश्वास है कि भविष्य में कालाजार पूरी तरह खत्म होगा। रविवार को गांव भ्रमण के दौरान डॉ. सीपी ठाकुर के साथ वैज्ञानिक डॉ. श्याम नारायण, रिसर्च स्कॉलर एसएन पांडेय, तकनीकी सहायक विपिन कुमार, नवल किशोर, विभेष कुमार, प्रशांत कुमार मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading