सिवान के पचरुखी थाना क्षेत्र के जसौली खर्ग गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए दो युवकों का शव गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर गुरुवार की सुबह बरामद किया गया। मृतकों की पहचान जसौली गांव के बदल हाता गांव निवासी प्रिंस कुमार और चांप टोला जीत पट्टी निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई।

घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित लोगों ने छपरा-सिवान मुख्य पथ को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि दोनों की हत्या की गई है। मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम हटवाया। फिर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रेलवे ट्रैक पर पड़ा था दोनों का शव
पचरुखी थानाध्यक्ष ददन सिंह ने बताया कि उन्हें गेटमैन ने सुबह में सूचना दी कि दो युवकों का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दोनों शवों की पहचान होने के बाद स्वजनों को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही परिवारवाले सन्न रह गए। दौड़े-भागे लोग घटनास्थल पर पहुंचे। शवों को देख स्वजन बिलख उठे।

काफी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। वे लोग हत्या का आरोप लगाने लगे। गुस्साए लोगों ने सिवान-छपरा मेन रोड को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पचरुखी पुलिस ने आक्रोशितों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे लोग शांत नहीं हुए। बाद में एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया तब लोगों ने जाम हटाया।

रात दो बजे तक दोनों ने कराया था भोजन
परिवार के लोगों व स्वजनों का कहना था कि प्रिंस और विवेक चांप जीतपट्टी में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वे वहां लोगाें को भोजन कराने में व्यस्त थे। रात करीब दो बजे तक वहां वे थे। लेकिन इसके बाद घर नहीं पहुंचे। परिवार के लेागों को लगा कि वे दोनों वहीं रुक गए होंगे।

इसी दौरान सुबह में शव मिलने की खबर मिली। उनलोगों का कहना है कि दोनों की हत्या की गई है। हत्या को हादसा का रूप देने के लिए शव को एक युवक का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। दूसरे के शरीर पर जख्म के कई निशान थे।