मुजफ्फरपुर । मुजफ्फरपुर शहर के विस्तारीकरण के प्रस्ताव में चौहद्दी में अंतर को लेकर नगर विकास विभाग की ओर से जताई गई आशंका को दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। इसको लेकर नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक समाहरणालय सभागार में हुई।


बताते चलें कि चौहद्दी में अंतर के कारण विभाग ने दूसरी बार विस्तारीकरण की फाइल को लौटा दी थी। चौहद्दी में अंतर होने के कारण विभाग फाइनल नोटिफिकेशन कर परिसीमन का फैसला नहीं कर पा रहा था।

विभाग ने 28 दिसंबर 2021 एवं 05 जनवरी 2022 को अलग-अलग प्रारंभिक नोटिफिकेशन कर शहर विस्तारीकरण का निर्णय लिया था। इसके बाद लोगों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई थी।
इस बीच 23 आपत्तियां आई, जिसकी सुनवाई करते हुए एडीएम की अध्यक्षता वाली प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने जिलाधिकारी को अंतिम रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें नए नगर निगम क्षेत्र के चौहद्दी के साथ सीमांकन किया गया था, लेकिन चौहद्दी में विभागीय स्तर पर कुछ कंफ्यूजन है।
इस कारण विभाग ने तत्काल फाइल को वापस करते हुए जिला प्रशासन से 28 दिसंबर व पांच जनवरी को जो प्रारंभिक नोटिफिकेशन हुआ था, उसे एक साथ करते हुए स्पष्ट चौहद्दी के साथ सीमांकन करते हुए प्रतिवेदन देने को कहा था, जिसमें गांव, मौजा से लेकर थाना नंबर तक स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए यह कहा गया था।
