पटना। बिहार लोक सेवा आयोग के तत्वावधान में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की प्रारंभिक परीक्षा 15 मई को राज्य के 21 जिलों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर आयोग के अध्यक्ष आरके महाजन एवं मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने संयुक्त रूप से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के डीएम एवं वरीय पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है।
इस दौरान परीक्षा में सुरक्षा को लेकर हर मामले पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षक को कदाचार मुक्त परीक्षा कराने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों के अंदर प्रश्न पत्र रखे जाने वाले कक्ष में सीसीटीवी एवं वेब कैमरे लगाए जाएंगे।
मालूम हो कि 15 मई को 12 से 2 बजे तक सीडीपीओ की प्रारंभिक परीक्षा होनी है। परीक्षार्थियों को सुबह 10:30 बजे से 11:45 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा 55 पदों के लिए होने वाली है। इसके लिए एक लाख दो हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। गौरतलब है कि बीपीएससी 67वीं प्रारंभिक परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के बाद आयोग ने हर स्तर पर बदलाव किया है।
इसके तहत अब केंद्र में प्रवेश का समय बदल दिया गया है। वहीं प्रश्न पत्र वाले कमरे की विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। बता दें कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले तक ही इंट्री मिलेगी।
इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पटना, भोजपुर, भागलपुर, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, लखीसराय, समस्तीपुर, मुंगेर, नवादा, रोहतास, सहरसा, सारण, वैशाली, नालंदा, मोतिहारी, सिवान, औरंगाबाद, बेगूसराय एवं मधुबनी इन जिलों में परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी।

