मुजफ्फरपुर। एईएस के प्रति सरैया पीएचसी के चिकित्सक गंभीर नहीं है। औचक निरीक्षण को पहुंचे सीएस डॉ. उमेशचंद्र शर्मा ने यह पाया। वार्ड के निरीक्षण के क्रम में डॉ. अविनाश ड्यूटी पर नहीं मिले।
इसके साथ एईएस वार्ड में रात्रि ड्यूटी में तैनात जीएनएम गौरव कुमार दवा भंडार की चाबी लेकर घर चले गए थे। ओपीडी चल रहा था, लेकिन रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद था। इन गड़बड़ियों पर सीएस ने पीएचसी प्रभारी से जवाब मांगा है।
सीएस ने पूछा है कि आखिर किस कारण से पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं का क्रियान्वयन सही से नहीं हो रहा है। सीएस डॉ.शर्मा ने कहा कि जवाब आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि एईएस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों द्वारा गोद लिए गांवों के नियमित निरीक्षण का आदेश दिया गया है। समाहरणालय सभागार में डीडीसी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में शनिवार को एईएस के लिए बनी कोर कमेटी की बैठक हुई।
इसमें डीडीसी ने कहा कि गोद ली गई पंचायतों में पदाधिकारी अनिवार्य रूप से भ्रमण करें और जागरूकता कार्यक्रमों से संबंधित फीडबैक प्राप्त करें।
साथ ही कहा कि पोस्टर वितरण, दीवार लेखन, एलईडी वाहन परिचालन, होर्डिंग, फ्लैक्स आदि के माध्यम से चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा होनी चाहिए।
