62 पार्कों में एंट्री फ्री, 12 में प्रवेश करने के लिए देने होंगे पैसे

पटना। पटना पार्क प्रमंडल के अधीन 74 पार्क हैं। इसमें से 12 पार्कों को छोड़कर सभी में मुफ्त में सैर कर सकते हैं। कंकड़बाग के रेंज-2 में 44 पार्क हैं। ईको पार्क, शहीद वीर कुंवर सिंह आजादी पार्क, नवीन सिन्हा स्मृति पार्क, पुनाईचक पार्क, शिवाजी पार्क, शहीद किशोर कुणाल पार्क, हनुमान नगर स्थित 250 एमआइजी पार्क, सचिवालय कालोनी पार्क, श्री कृष्णापुरी पार्क, श्री कृष्णा नगर पार्क, भंवर पोखर पार्क और कंकड़बाग टेंपो स्टैंड स्थित अमृत पार्क में टिकट लेकर सैर करना पड़ेगा।

52 लाख रुपये की लागत से पुनाईचक में औषधीय पार्क का निर्माण किया जा रहा है। पार्क में 50 प्रजाति के औषधीय पौधे लगाए जा रहे हैं। यह हैदराबाद, कोलकाता और हाजीपुर से मंगाए गए हैं। पार्क का मुख्य उद्देश्य लोगों को औषधीय पौधों के प्रति जागरूक करना है।

कंकड़बाग स्थित टेंपो स्टैंड फेज दो के बन जाने के बाद यह पटना का तीसरा सबसे लंबा पार्क हो जाएगा। इस पार्क के फेज वन की लंबाई 1,250, चौड़ाई 80 फीट है। फेज 2 की लंबाई 1,050 फीट और चौड़ाई 80 फीट है।

पार्क के फेज 2 में 20 सैंड स्टोन से निर्मित बेंच, एक शेड, एक फाउंटेन, एक सैंड स्टोन से निर्मित झोपड़ी और दो आरओ वाटर कूलर प्वाइंट लगाए जा रहे हैं। फेज वन में 2,400 फीट लंबा पाथ-वे है। पार्क के फेज दो में दो हजार फीट लंबा पाथ-वे बन रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.