पटना। बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग मिजाज बना हुआ है। उत्तर बिहार में पुरवा के कारण के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ प्रि मानसून बारिश व हवा का तेज प्रवाह बना हुआ है। वहीं दक्षिण बिहार में पछुआ के कारण मौसम शुष्क और तापमान चढ़ा हुआ है।
उमस बढऩे से रविवार को भी लोग पसीने से तरबतर होते रहे। मौसम विज्ञान केंद्र पटना से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तरी भाग के आठ जिलों के पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा, कटिहार में बिजली चमकने, मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम स्तर की बारिश का पूर्वानुमान है।

प्रदेश के दक्षिणी भाग में पारे में वृद्धि के आसार हैं। मौसम विज्ञानी की मानें तो उत्तर पश्चिम ट्रफ-लाइन बिहार से दक्षिण तमिलनाडु तक उत्तर छत्तीसगढ़, तेलंगाना से होते हुए गुजर रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पूर्व जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
येलो अलर्ट जारी किया गया। इन स्थानों पर हवा की गति 8-10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने के आसार हैं। वहीं, प्रदेश के शेष हिस्सों का मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन के तापमान में 48 घंटों के बाद क्रमिक गिरावट के आसार हैं।
प्रदेश का तापमान रविवार को 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया। 48.7 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। जबकि पटना के अधिकतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की वृद्धि के साथ 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं प्रदेश के कई शहरों के तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया। सिवान, समस्तीपुर, नालंदा, भागलपुर, सबौर को छोड़ शेष भागों के तापमान में क्रमिक वृद्धि दर्ज की गई।
