दिव्यांगजनों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य : नित्यानंद राय

समस्तीपुर। दिव्यांगजनों की सेवा करने से बड़ा पुण्य कुछ भी नहीं है। जो व्यक्ति दिव्यांगों की सेवा करते हैं, उन्हें कई यज्ञ के बराबर पुण्य मिलता है। उक्त बातें केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कही। वे सोमवार को पटेल मैदान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर का उद्घाटन कर रहे थे। एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत जिले के चयनित दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरण का वितरण किया।

जिले में 5 हजार 659 दिव्यांगजनों का चयन इसके तहत किया गया है, जिन्हें यह उपकरण दिया जाएगा। सोमवार को समस्तीपुर और सरायरंजन प्रखंड के 645 लाभुकों के बीच सहायक उपकरण का वितरण किया गया। केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि 5 करोड़ 90 लाख रुपये की यह योजना है। भारत सरकार का सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले लोग विकलांग बोलते थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिव्यांग कहकर उन्हें सम्मान दिया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि समाज के दिव्यांगजनों व वंचितों के लिए सोचना जरूरी है।

उनका ख्याल रखना समाज का कर्तव्य बनता है। दिव्यांगों के प्रति जो समाज में गलत धारणा है, उसे समाप्त करना होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय का असली हकदार यदि कोई है तो वह दिव्यांगजन हैं। उन्होंने भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के साथ-साथ केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को इस कार्यक्रम के लिए धन्यवाद दिया।

खगड़िया के सांसद चौधरी महबूब अली कैंसर ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास जो नारा है, वह आज चरितार्थ हो रहा है। उसे साकार किया जा रहा है। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार को दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए योजनाएं संचालित करने के लिए तारीफ भी की।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.