PATNA : राज्य के मंत्रियों ने घोषित की अपनी संपत्ति

पटना. बिहार के मंत्रियों ने सोमवार को अपनी संपत्ति सार्वजनिक की। बिहार सरकार ने इसे अपनी वेबसाइट पर डाला। ब्योरे के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास वर्ष 2018 में सिर्फ 40039 रुपए और उनके बेटे निशांत के पास 4697 रुपए नकद रहा। 2018 में नीतीश कुमार की कुल संपत्ति 16 लाख 18 हजार 947 रुपये की रही। 2017 में उनकी संपत्ति 16 लाख 23 हजार 571 रुपये की थी। नीतीश कुमार के बेटे निशांत के पास 2018 में कुल संपत्ति 1 करोड़ 29 लाख, 88 हजार 565 रुपए है, जबकि वर्ष 2017 में उसके पास 1 करोड़ 18 लाख 44 हजार 837 रुपये की चल व अचल संपत्ति थी।
वेबसाइट पर डाला चल-अचल संपत्ति का ब्योरा
सीएम के पास 20 ग्राम सोना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास मात्र 20 ग्राम सोना है। इसका मूल्य इस बार बढ़कर 51600 रुपये हुआ। सीएम के पास दिल्ली के द्वारका में उनके नाम पर एक फ्लैट है। उनके पास वर्ष 2017 में 9 गायें और 5 बछड़े थे। वर्ष 2018 में गायों की संख्या 8 हो गई है। 6 बछड़े हैं।

कई मंत्री गहनों के भी शौकीन
खुद मंत्रियों द्वारा दिए गए ब्योरे के अनुसार कई मंत्री, अपनी पत्नी से गरीब हैं। मसलन, श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास 1.16 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी सुशीला देवी के पास 1.25 करोड़ की संपत्ति है। अचल संपत्ति के मामले में भी विजय सिन्हा से उनकी पत्नी धनी हैं। सुशीला देवी के पास 3.16 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। ज्यादातर मंत्रियों के पास हथियार हैं। कुछ गहने के शौकीन हैं। मंत्रियों की पेश की गई संपत्ति में उनकी पत्नी और उन पर निर्भर बच्चों की संपत्ति भी शामिल है। दी गई कीमत, मौजूदा बाजार मूल्य के अनुसार है।

कर्ज का बोझ भी
श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास राइफल और रिवाल्वर, दोनों है। मगर उन पर 50 लाख रुपए का कर्ज भी है। यही हाल सहकारिता मंत्री राणा रणधीर का है। उनके पास भी राइफल और रिवाल्वर है। लेकिन 10 लाख रुपए का कर्ज है। पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार 43 लाख रुपए के कर्जे में हैं। उन्होंने गाड़ी और घर के लिए कर्ज लिया हुआ है। पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा ने यूको बैंक से हाउसिंग लोन लिया था। उन पर 24 दिसंबर 2018 को 5.40 लाख रुपए का लोन था। कमोबेश सभी मंत्रियों ने बीमा सुरक्षा को तरजीह दी हुई है। कई, नॉन बैंकिंग कंपनियों तथा निवेश के दूसरे आयामों को अपनाए हुए हैं, तो कुछ ने डाकघर से लेकर एनएससी वाले बचत के तरीके को अख्तियार किया हुआ है। खाद्य आपूर्ति मंत्री मदन सहनी के पास अपनी पत्नी रेखा देवी से थोड़े ही कम गहने (सोना) हैं। मंत्री के पास 2.74 लाख का सोना है, तो उनकी पत्नी के पास 2.91 लाख रुपए का। पत्नी के पास 17 हजार रुपए की चांदी भी है। भवन निर्माण मंत्री महेश्वर हजारी के पास 26 लाख रुपए की पजेरो स्पोर्ट्स गाड़ी है।

वेबसाइट में तकनीकी खराबी
सरकार की जिस वेबसाइट पर मंत्रियों की संपत्ति का ब्योरा था, उसमें तकनीकी खराबी रही। यह कुछ ही मिनट के लिए खुली। फिर लगातार बंद रही। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने अपनी वेबसाइट पर संपत्ति का ब्योरा डाला हुआ है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading