दरभंगा। बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीइटी-बीएड-2022) के लिए पिछले 22 दिनों में रिकार्ड एक लाख 68 हजार अभ्यर्थियों ने आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें 130555 अभ्यर्थियों ने शुल्क सहित अपना पूर्ण आवेदन फार्म आनलाइन जमा कर दिया है।
कुलसचिव प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि बीएड के प्रति छात्रों का रुझान बढ़ रहा है। सरकारी एवं निजी स्कूलों में प्रशिक्षित शिक्षकों की बढ़ती मांग को देखते हुए छात्र-छात्राएं इस कोर्स को रोजगार के अवसर प्रदान करने वाला मान रहे हैं।
कहा कि पिछले वर्ष 37350 सीटों पर 99.52 प्रतिशत नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित की गई थी। सीइटी-बीएड-2022 के राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो. अशोक कुमार मेहता ने कहा कि कुलपति प्रो. सुरेन्द्र प्रताप सिंह एवं कुलसचिव प्रो. मुश्ताक अहमद प्रवेश परीक्षा को लेकर रोजाना अपडेट ले रहे हैं। आवेदन मंगलवार यानि 17 मई तक ही लिया जा सकेगा।
अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट को काफी सुलभ बनाया गया है। अभ्यर्थी अपने मोबाइल से भी आवेदन फार्म भर सकते हैं। अभ्यर्थियों को इस दौरान कोई परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पूरी तैयारियां की गई है।
अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर हेल्पलाइन नंबर 07314629842 और ईमेल आइडी हेल्पडेस्कसीइटी2022 एट द रेट जीमेल.काम पर मेल कर सकते हैं।
