नवादा: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता उत्पन्न करने के साथ ही सरकारी विद्यालयों की गतिविधियों को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नवादा स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र में ”पढ़े बिहार, बढ़े बिहार” विषय को लेकर स्कूल के प्रधानों के साथ बैठक हुई। बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान निपुण बिहार मिशन के तहत आयोजित इस परिचर्चा में प्राथमिक व मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने हिस्सा लिया।
बीआरपी सुभाष प्रसाद ने बताया कि ”पढ़े बिहार, बढ़े बिहार” कार्यक्रम के तहत सरकार की सभी विद्यालयों पर एप आधारित निगरानी रखने की योजना है। इस योजना के तहत सरकार दीक्षा एप के जरिए प्रथम वर्ग से लेकर दशम वर्ग तक के सभी सरकारी विद्यालयों पर आनलाइन निगरानी रख सकेगी।
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इस आलोक में विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीक्षा एप डाउनलोड कर उसमें विद्यालय का नाम, विद्यार्थियों व शिक्षकों की संख्या व विद्यालय कोड के साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक व खेलकूद सहित तमाम गतिविधियों को दैनिक तौर पर अपलोड करेंगे। इस व्यवस्था के कार्यरूप में आने से सरकार के लिए एप के जरिए तमाम विद्यालयों पर निगरानी रखना सुलभ हो सकेगा।

इस कार्यशाला में मौजूद विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को एप डाउनलोड से लेकर विद्यालय की सभी प्रमाणिक व दैनिक गतिविधियों को अपलोड करने संबंधी तमाम जानकारी विस्तार पूर्वक उपलब्ध कराई गई।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने को लेकर आयोजित इस परिचर्चा में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुजाता कुमारी, एवीएन डा. राजू रंजन, बीआरपी जितेंद्र प्रसाद एवं चंदन चंचल सहित नवादा प्रखंड के प्रधानाध्यापक व एवीएन ने सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
