
PATNA : नए साल के मौके पर बड़ा हादसा होते होते बच गया है राजधानी पटना में. दरअसल, आज मंगलवार को साल का पहला दिन पड़ने से खासकर पटना के हनुमान मंदिरों में लोगों का जन-सैलाब उमड़ रहा है. इसी दौरान पटना के हनुमान मंदिर में सुबह में भगदड़ मच गई. जिसमें कुछ लोग घायल हो गए. स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. मिल रही जानकारी के मुताबिक अभी हालात कंट्रोल में हैं.

मिल रही जानकारी के मुताबिक पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर में भगदड़ के हालात उस वक्त पैदा हो गए जब भीड़ बेकाबू हो गई. पुलिस ने भीड़ को कंट्रोल करने की कोशिश की. इस दौरान कुछ लोग उग्र हो गए. हंगामा करने लगे. इसी के बाद पुलिस को हल्का फुल्का बल का प्रयोग भी करना पड़ा. नव वर्ष को लेकर तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी. मंदिर का प्रवेश द्वार इस वर्ष नये साल पर एक घंटा पूर्व यानि मंगलवार की सुबह 4.30 बजे भक्तों के लिए खोल दिया गया.

मंदिर प्रबंधन के सदस्य भवनाथ झा ने कहा कि मंगलवार से नए साल की शुरुआत होने से और साल की अपेक्षा इस साल भक्तों की भीड़ ज्यादा होने की उम्मीद पहले से थी, इसलिए उस अनुसार तैयारी की गई है. भीड़ को देखते मंदिर परिसर में सुरक्षा प्रहरियों की तैनाती की गई है. इसके बावजूद सुबह में भक्तों की भीड़ बेकाबू हो गई. इस दौरान भगदड़ मच गई, जिसपर तत्काल काबू पा लिया गया. भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. स्थिति नियंत्रण में आ गई, अन्यथा बड़ी घटना होने की आशंका थी.