PATNA : ASP के नेतृत्व में तीन पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

PATNA : नए साल पर एक ओर जहां सभी खुशियां मनाने में जुटे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर 31 दिसंबर की रात पटना पुलिस पूरे एक्शन मोड में दिखाई दी. पटना के चौक चौराहों पर पुलिस की पहरेदारी मुस्तैदी से हो रही थी. इसी दौरान पटना पुलिस के होश तब फाक्ता हो गए जब एक युवक को तीन पिस्टल के साथ दबोचा गया. मिल रही जानकारी के मुताबिक युवक अपने साथ तीन पिस्टल लेकर पटना की सड़कों पर घूम रहा था.

पुलिसिया सूत्रों के मुताबिक पिस्टल के साथ गिरफ्तार युवक पटना में हथियार की डिलेवरी करने पहुंचा था. इसी दौरान वो पुलिस के हत्थे चढ़ गया. बताया जा रहा है कि युवक बक्सर से हथियार की खेप लेकर पटना पहुंचा था. लेकिन उसकी डिलेवरी देने से पहले ही चौकन्नी पटना पुलिस ने उसे दबोच लिया. माना जा रहा है कि तीन पिस्टल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए पटना मंगवाए गए थे. पुलिस को मिले तीनों पिस्टल देखने में ब्रांड न्यू लग रहे हैं.

दरअसल, पटना पुलिस ने किसी अपराध और खासकर बाइकर्स की चेकिंग के लिए कोतवाली थाना इलाके में गश्त बढ़ा दी थी. इसी दौरान चेकपोस्ट पर इस युवक को चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोच लिया. जब मीडिया ने युवक से बात की तो उसने बताया कि वो बक्सर से हथियार लेकर पटना आया था. हालांकि उसने ये नहीं बताया है कि हथियार किस तक पहुंचाने थे.  ये पूरी कार्रवाई एएसपी अभियान अनिल सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई है. 31 दिसंबर की देर रात तक एएसपी अभियान खुद पटना की सड़कों पर मुस्तैद दिखे. फिलहाल युवक को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. तीनों पिस्टल को जब्त कर लिया गया है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कुछ बड़े नाम सामने आएंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.