मुजफ्फरपुर : डीएम प्रणव कुमार के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में बाढ़ पूर्व तैयारी व डूबने, नाव दुर्घटना की रोकथाम के लिए जारी जनजागरूकता सप्ताह 2022 के अंतर्गत अंचल कटरा व औराई में एसडीआरएफ टीम की ओर से गोताखोरों, नाविकों व युवा स्वयंसेवकों, राहत बचाव दल कार्यकर्ताओं, स्थानीय कर्मियों व जनप्रतिनिधियों का संवेदीकरण एवं क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण में सभी संबंधित को बाढ़ पूर्व तैयारी, डूबने से बचाव, नाव दुर्घटना की रोकथाम की विधियों के बारे में जानकारी दी गई। मॉकड्रिल के माध्यम से प्राथमिक उपचार एवं खोज-बचाव,सर्पदंश बचाव, सीपीआर की विधियों, डूबते को बचाना, राफ्ट बनाने की विधियों, पारिवारिक सुरक्षा किट आदि के बारे में प्रशिक्षित किया गया।
एसडीआरएफ टीम द्वारा बाढ़ से पहले बाढ़ के दौरान तथा बाढ़ के पश्चात की जाने वाली सावधानियां के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसी प्रकार अंचल मीनापुर में नावों के निबंधन हेतु विशेष शिविर लगाया गया।
जिसमें रंजीत कुमार, मोटरयान निरीक्षक मुजफ्फरपुर द्वारा नाव का सर्वेक्षण तथा मापी की गई तथा मानक अनुसार नाव निबंधन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। सभी नाव मालिकों को मानक अनुसार नावों पर डूबने से बचाव की सामग्री तथा नावों पर सुरक्षात्मक दृष्टि से अतिरिक्त रूप से गोताखोर रखने को कहा गया।
इस अवसर पर नावों पर भार क्षमता का अंकन तथा निबंधन संख्या का अंकन तथा नाव मालिकों के साथ एकरारनामा करने की कार्रवाई भी अंचल कर्मियों द्वारा की गई। इस अवसर पर अंचलाधिकारी मीनापुर भी उपस्थित रहे।


