छपरा जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र स्थित कन्हौली मनोहर मिस्कारी टोला गांव में भूमि विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरे युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर किया गया है।

मृत युवक बनियापुर थाना क्षेत्र के कन्हौली मनोहर मिस्कारी टोला गांव निवासी नबीब मियां का 22 वर्षीय पुत्र याकूब बताया गया है। वहीं गंभीर रूप से जख्मी युवक स्थानीय निवासी फरजान मियां का 25 वर्षीय पुत्र नूर आलम बताया गया है।

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि वे लोग घर के समीप स्थित अपनी जमीन पर कार्य कराने गए थे। उसी बीच विपक्ष के कुछ लोगों द्वारा अचानक उनके ऊपर फायरिंग की जाने लगी।

इससे याकूब और नूर आलम दोनों को गोली लग गई। इसके बाद परिजन रोते-पीटते दोनों को लेकर छपरा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ राजन कुमार द्वारा याकूब को मृत घोषित कर दिया गया।

वहीं नूर आलम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची बनियापुर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
