पश्चिम चंपारण (बेतिया) के मझौलिया प्रखंड की लालसरैया पंचायत के वार्ड नं 7 में सोमवार की रात बदमाशों ने चिरंजीत कुमार दास (16) वर्ष को गोली मारकर घायल कर दिया।

घायल युवक को परिजनों ने जीएमसीएच पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने बांह में लगी गोली को निकालने का प्रयास किया परन्तु गोली नहीं निकल पायी। नतीजतन घायल युवक को पटना रेफर किया गया।

बताया गया है कि रात तकरीबन 10 बजे चिरंजीत खाना खाकर घर से बाहर टहलने निकला तभी नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने उसके मोबाइल को छीनने का प्रयास किया। छीनाझपटी में बदमाशों ने उसके दाहिने हाथ में गोली मार दी व अंधेरे का लाभ उठा फरार हो गये।

चिरंजीत नीचे गिरकर छटपटाने लगा। गोली की आवाज़ सुन परिजन दौड़े आये तो देखा कि खून से लथपथ घायल चिरंजीत कुमार दास छटपटा रहा है। तत्काल परिजनों ने मझौलिया पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी। पुलिस अधिकारी मनोज कुमार व एएसआई सुधांशु शेखर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। घायल के पिता निरंजन कुमार दास के आवेदन पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर प्राथमिकी दर्ज करायी है।
